ऑफिस फांक रहे धूल, रातों-रात करोड़ों लेकर गायब हो गई दुबई की कंपनी; मुश्किल में भारतीय निवेशक

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई स्थित ‘गल्फ फर्स्ट कमर्शियल ब्रोकर्स’ नाम की एक ब्रोकरेज फर्म निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर रातों-रात गायब हो गई। इस घटना ने विशेष रूप से भारतीय प्रवासी निवेशकों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिन्होंने इस कंपनी में अपनी जीवन भर की कमाई लगा दी थी। अब, दुबई के बिजनेस बे में स्थित कैपिटल गोल्डन टावर के सूट 302 और 305 में केवल धूल, टूटी हुई टेलीफोन लाइनें और एक काला कचरा बैग बचा है, जो इस कंपनी के अचानक गायब होने का मूक गवाह है।

एक सुरक्षा गार्ड ने खलीज टाइम्स से बातचीत में बताया, “उन्होंने चुपचाप चाबियां वापस कीं, सब कुछ समेटा और ऐसे गायब हो गए जैसे जल्दी में हों। अब हर दिन लोग यहां आकर पूछते हैं कि कंपनी कहां गई।” यह कंपनी दुबई के बिजनेस बे स्थित कैपिटल गोल्डन टॉवर के अलावा एक अन्य आलीशान कार्यालय से भी ऑपरेट हो रही थी। लेकिन अब ये दफ्तर सुनसान पड़े हैं। फर्श पर धूल जमी है, टेलीफोन के तार उखड़े हुए हैं और सवालों के जवाब देने वाला कोई नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार, गल्फ फर्स्ट कमर्शियल ब्रोकर्स पिछले महीने तक ऑपरेट हो रही थी। इस कंपनी में करीब 40 कर्मचारी कार्यरत थे, जिनका मुख्य काम संभावित निवेशकों को फोन कॉल के जरिए फॉरेक्स ट्रेडिंग के लिए आकर्षित करना था। ये कर्मचारी निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का वादा करते थे और उन्हें सिग्मा-वन कैपिटल नामक एक अनियंत्रित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे। निवेशकों का कहना है कि कंपनी के कर्मचारी उन्हें फोन पर उनकी मातृभाषा में बात करके विश्वास जीतते थे।

भारतीय निवेशकों को लगा सबसे बड़ा झटका

केरल के रहने वाले मोहम्मद और फैयाज पोय्यल नामक दो भारतीय प्रवासी भी इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। दोनों ने मिलाकर 75,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 62 लाख रुपये) की राशि कंपनी में निवेश की थी। मोहम्मद ने बताया, “मैं जवाब तलाशने यहां आया था, लेकिन यहां तो कुछ भी नहीं है- न कोई कर्मचारी, न कोई जानकारी। हमने हर नंबर पर कॉल किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। ऐसा लग रहा है जैसे यह कंपनी कभी अस्तित्व में थी ही नहीं।”

अनधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कराया गया निवेश

एक अन्य भारतीय निवेशक संजिव ने बताया कि कंपनी ने निवेशकों को ‘सिग्मा-वन कैपिटल’ नामक एक गैर-पंजीकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश करने को प्रेरित किया। उन्होंने सुरक्षित रिटर्न का वादा किया और भोले-भाले निवेशकों को जीवन भर की कमाई निवेश करने के लिए राजी कर लिया। मोहम्मद को अकेले 50,000 डॉलर का नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि कंपनी के कर्मचारी गल्फ फर्स्ट और सिग्मा-वन नामों का इस्तेमाल एक ही पहचान के रूप में करते थे।

Leave a Comment